फतेहपुर। फर्नीचर कारोबारी महिला से एक ट्रक लकड़ी का सौदा कर सात लाख रुपये हड़प लिए। कानपुर की एक फर्म के मालिक और उसकी मां समेत तीन लोगों के खिलाफ महिला कारोबारी ने तहरीर दी है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू की है।
शहर कोतवाली क्षेत्र के देवीगंज मोहल्ला निवासी रूपाली गुप्ता फर्नीचर दुकानदार हैं। उन्होंने कोतवाली में तहरीर देकर बताया कि उनके पति धर्मेंद्र कुमार गुप्ता के कृषि यंत्र निर्माण संबंधी एक फर्म के प्रोपराइटर पूर्व परिचित हैं। वह राधानगर के रहने वाले हैं।
उनके रिश्तेदार की कानपुर बसंत पेट्रोल पंप बर्रा में थोक लकड़ी सप्लाई की फर्म है। उस फर्म में भी प्रोपराइटर पार्टनर हैं। लकड़ी सप्लाई कारोबार मां-बेटे देखते हैं।
उसने अपनी दुुकान के लिए प्रोपराइटर के कहने पर कानपुर की फर्म माही इंटरप्राइजेज के खाते में सात लाख रुपये 21 दिसंबर को भेजे थे। रुपयों के एवज में प्रोपराइटर ने 15 दिन में एक ट्रक लकड़ी भेजने का सौदा किया था।
करीब दस दिन बीत जाने के बाद माही इंटरप्राइजेज संचालक युवक ने ट्रक गुजरात में फंसा होने का झांसा देकर 35 हजार रुपये और ले लिए लेकिन लकड़ी नहीं भेजी।
उसने रुपये वापस मांगे, लेकिन उन्होंने नहीं लौटाए। आरोपियों ने धोखाधड़ी करके रकम ठग ली है। कोतवाल अरुण चतुर्वेदी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।