खागा। बाइक सवार के साइड मांगने की बात पर हुए विवाद में कुछ लोगों ने एक परिवार के लोगों को जमकर पीटा। लाठी, डंडे, कुल्हाड़ी लेकर हमला किया। इस दौरान पत्थरबाजी भी हुई। जिसमें एक पक्ष के पांच लोग घायल हो गए।
कोतवाली क्षेत्र के दवन्ना (सलेमपुर गोली) निवासी सुग्रीव सिंह ने पुलिस को बताया कि उनका लड़का नीरज सिंह शुक्रवार की सुबह भतीजी रेशमी को बैठाकर बाइक से स्कूल जा रहा था।
रास्ते में कल्लनपुर गांव का एक युवक बाइक से आगे जा रहा था। रास्ता नहीं मिलने पर नीरज ने युवक से साइड मांगी, तो उसने नीरज को गाली दे दी।
इतना ही नहीं कल्लनपुर पहुंचने पर युवक व उसके दो साथियों ने नीरज को रोक लिया और मारपीट की। यह बात बेटे ने फोन से घर में बताई।
इसका उलाहना लेकर वह अपनी पत्नी कलावती, पुत्र राजेंद्र व गांव के शत्रुघन कल्लनपुर पहुंचे। इस बीच नीरज भी भतीजी को छोड़कर वापस आ गया।
आरोप है कि उलाहना देने पर दूसरे पक्ष की महिलाओं ने पथराव कर दिया और पुुरुषों ने लाठी, डंडा, कुल्हाड़ी लेकर हमला कर दिया। मारपीट में कुल्हाड़ी लगने से कलावती के हाथ में चोट लगी।
जबकि राजेंद्र का सिर फट गया। पुलिस ने घायलों को मेडिकल के लिए अस्पताल भेजा है। एसएसआई खागा बृजेश यादव ने बताया कि मारपीट की जांच की जा रही हैं।