फतेहपुर। कानपुर और जिला पुलिस की मशक्कत के बाद थरियांव थाना क्षेत्र के हाईवे से टायर लदा ट्रक लूटकांड का खुलासा हो गया है। पुलिस ने घटना और टायरों को ठिकाने लगाने वाले आठ बदमाशों को पकड़ा है।
सारे आरोपी कानपुर नगर व देहात के रहने वाले हैं। पुलिस ने कानपुर देहात के अकबरपुर कोतवाली क्षेत्र से उनकी धरपकड़ की है। बदमाशों के पास से लूटे गए ट्रक के 166 टायर, बेचे गए टायरों की सात लाख 19 हजार रुपये की रकम और घटना में प्रयुक्त लोडर और कार बरामद हुई है। पकड़े आठ बदमाशों में छह को कोर्ट के आदेश पर जेल भेजा गया है। जबकि दो आरोपी शाम को खुलासे के बाद पकड़े गए हैं।
पुलिस लाइन में एसपी राजेश कुमार सिंह ने बताया कि 10 दिसंबर को थरियांव हाईवे के आमापुर के पास से टायर लदे ट्रक को लूट लिया गया था। बदमाश उन्नाव के त्रिभुवनखेड़ा के पास खाली ट्रक छोड़ गए थे। जिसे 15 दिसंबर को बरामद किया गया था।
थरियांव पुलिस और स्वॉट टीम टायरों की तलाश में जुटी थी। स्वॉट टीम प्रभारी विनोद मिश्रा और कानपुर नगर स्वॉट टीम, कानपुर देहात की स्वॉट टीम के सहयोग से शनिवार को अकबरपुर कोतवाली क्षेत्र के रनियां से राहुल चंदेल निवासी राम सिंह का पुरवा सचेंडी, साजन उर्फ विनय गौतम निवासी तुन्ना थाना सचेंडी, सागर कुमार गौतम निवासी भीमसेन थाना सचेंडी कानपुर नगर, जीतू यादव, शिवम यादव, निवासी किशवरल रोड रनिया कोतवाली अकबरपुर, विकास सिंह निवासी संतोषपुरवा रनियां कानपुर देहात, मिथुन उर्फ अमर सिंह निवासी प्रतापपुर सरसई थाना पनकी, शिवम शर्मा निवासी एफ ब्लाक बर्रा आठ कानपुर को गिरफ्तार किया गया है।
इनमें मिथुन और शिवम की गिरफ्तारी शनिवार शाम हुई है। इसी वजह से पुलिस इन दोनों को रविवार को कोर्ट में पेश करेगी। बाकी छह बदमाशों को कोर्ट के आदेश पर जेल भेजा गया है। पूरी घटना का मास्टर माइंड राहुल चंदेल है। राहुल पनकी स्थित अपोलो टायर एजेंसी में काम करता था। उसने ही लूटपाट की योजना बनाई थी।
एसपी राजेश कुमार सिंह ने बताया कि बदमाशों को पकड़ने वाली सभी टीमों को आईजी की ओर से 50 हजार रुपये का पुरस्कार दिया गया है। आरोपियों पर गैंगस्टर की कार्रवाई की जाएगी।
यह हुई थी घटना
कानपुर पनकी स्थित टायर एजेंसी गोदाम से कपूर ट्रांसपोर्ट का ट्रक चालक राम कुमार पांडेय निवासी अकबरपुर थाना इकदिल जिला इटावा प्रयागराज के लिए 310 टायर का भाड़ा लेकर जा रहा था। रामकुमार के मुताबिक थरियांव हाईवे पर वैन सवार बदमाशों ने उसे ओवरटेक करके ट्रक को कब्जे में ले लिया था। उसे पीटकर बंधक बना लिया था। ट्रक हुसैनगंज, रायबरेली के रास्ते उन्नाव के बीघापुर ले गए थे। बीघापुर में चालक को एक पेड़ पर बांधकर बदमाश भाग निकले थे।
मालिक के डर से चालक ने तहरीर में बोला झूठ
ट्रक लूटपाट को अंजाम देने में मुख्य भूमिका राहुल, साजन, सागर की थी। वह तीनों कानपुर के चकेरी से ट्रक में सवारी बनकर बैठे थे। उसके बाद ट्रक को हुसैनगंज लखनऊ बाईपास से पहले पड़ने वाले भिटौरा चौराहे से मोड़कर रायबरेली ले गए थे। ट्रक चालक ने सोचा था कि उसने सवारी बनकर बैठने वालों को लुटेरा बताया तो मालिक की डांट मिलेगी। पुलिस पूरी घटना में वैन की तलाश में जुटी रही है। पुलिस को किसी भी कैमरे में वैन नहीं दिखी। आरोपियों के पकड़े जाने के बाद मामला सामने आया।
रनियां के गोदाम में छिपाए गए थे टायर
आरोपी विकास सिंह के गोदाम में ट्रक के लूटे गए टायर छिपाए गए थे। पकड़े गए आरोपियों में दो युवक गुरुवार को छह टायर लेकर बेचने जा रहे थे। इधर, पुलिस ने कानपुर नगर, देहात में जाल बिछा रखा था। रनियां चौकी पुलिस ने टायर लेकर जाते आरोपियों को पकड़ लिया।
पूछताछ में टायरों के आरोपी कागजात नहीं दिखा सके। जिससे पुलिस खुलासे के करीब पहुंच गई। आरोपियों ने 10 दिसंबर ट्रक लूट के बाद 11 दिसंबर को टायर गोदाम में छिपा दिए थे।
आरोपी जीतू यादव अपनी कार से लुटेरों के सहयोग में रहा। वह ट्रक को त्रिभुवनखेड़ा में खड़ा कराने भी पहुंचा था। ट्रक छोड़ने के बाद आरोपी उसकी कार से ही घूमते रहे और कई जगहों पर टायरों की खरीद-फरोख्त की।
आरोपी शिवम यादव की भी किदवई नगर में टायर की दुकान है। उसे भी टायरों को बिकवाने में शामिल होना बताया गया है। साकेत नगर की एक टायर दुकान से भी काफी टायर बिकने की बात सामने आई है। स्वॉट प्रभारी विनोद मिश्रा ने बताया कि राहुल चंदेल पहले भी गैंग के साथ घटनाएं कर चुका है।
पुलिस ने बरामद की नगदी। संवाद- फोटो : FATEHPUR