बहुआ। ललौली थाना क्षेत्र के अढ़ावल के मजरे धनुवन गांव में सोमवार सुबह मां की डांट से क्षुब्ध छात्रा ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया। परिजनों ने शव का अंतिम संस्कार कर दिया।
थानाक्षेत्र के अढ़ावल के मजरे धनुवन डेरा गांव निवासी सोनी देवी (16) पुत्री राकेश निषाद गुलशने फातिमा इंटर कॉलेज में कक्षा 10 की छात्रा थी। छात्रा का किसी बात को लेकर मां सुनीता देवी से विवाद हो गया।
मां की डांट-फटकार सुनकर किशोरी कमरे में चली गई। कुछ देर बाद सुनीता कमरे में पहुंची। जहां बेटी को पंखे के कुंडे पर साड़ी के फंदे से लटकता देखा। सुनीता ने शोर मचाया। तो परिजन कमरे में दौड़कर पहुंचे।
फंदा काटकर छात्रा को नीचे उतारा, लेकिन देर हो चुकी थी। मृतका के दो बड़े भाई रवि निषाद, राजा निषाद और दो बहन रोशनी व रीना हैं। पिता राकेश निषाद ने बताया कि किसी बात को लेकर पत्नी के डांटने पर बेटी ने जान दी है। प्रभारी निरीक्षक अमित मिश्रा ने बताया कि परिजनों की ओर से सूचना नहीं आई है। जांच की जाएगी।