चौडगरा(फतेहपुर)। कस्बे में चोरियों का सिलसिला नहीं रुक रहा है। पुलिस चौकी से चंद कदम की दूरी पर सोमवार रात एक जनरल स्टोर का ताला तोड़कर चोर नकदी व सामान चुरा ले गए। व्यापारियों ने पुलिसिंग सुस्त होने का आरोप लगाते हुए नाराजगी जताई है।
चौडगरा चौकी के पास बाजार में मौहार गांव निवासी इमरान अहमद की जनरल स्टोर की दुकान है। वह मंगलवार सुबह दुकान खोलने पहुंचे। दुकान में दरवाजे का ताला टूटा देखकर होश उड़ गए। केबिन के ऊपरी हिस्से की खिड़की तोड़कर चोर घुसे। पीड़ित ने बताया कि काउंटर में गोल्लक का ताला तोड़कर तीस हजार रुपये , बीस हजार का माल चुरा ले गए। दुकान में खून की बूंद फैली थी। साफ हुआ कि कांच तोड़ने में चोर घायल हुआ होगा। पीड़ित ने घटना की चौकी में सूचना दी। पुलिस मौके पर जांच को पहुंची। इलाके के व्यापारियों की भीड़ जुट गई। व्यापारियों ने आरोप लगाया कि सिपाही रात्रि गश्त पर नहीं रहते हैं। नाराज व्यापारियों ने बैठक की। चौडगरा व्यापार मंडल अध्यक्ष राघवेंद्र सिंह ने कहा कि पुलिस रात को गश्त पर नहीं दिखाई देती है। एक साल पहले तत्कालीन एसपी ने चौकी में कुछ सिपाहियों को सोते पकड़ा था। चोरियों की आए दिन घटनाएं हो रही है। पुलिस आरोपियों को पकड़ भी नहीं पा रही है। यहां कई साल से सिपाही तैनात हैं। थानेदार से व्यापारियों ने जनरल स्टोर की दुकान में चोरी के खुलासे की मांग की है। व्यापारियों में महेंद्र सिंह, विजय गुप्ता, रामशंकर गुप्ता आदि मौजूद रहे। थानेदार विनोद कुमार ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है।
इनसेट-
ट्रांसफर के बाद भी जमे
कल्यानपुर थाने में तैनात एक पुलिस कर्मी की कार्यशैली पर लोग सवाल उठा रहे हैं। उसका दो माह पहले स्थानांतरण दूसरे थाने के लिए हुआ था। पर, अभी तक थाने से रवानगी नहीं कराई।
============================