फतेहपुर। जिले का रेलवे स्टेशन शुक्रवार को नए स्वरूप के साथ देश के सामने आएगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज शुक्रवार को दोपहर 2:15 बजे वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से देशभर के 75 पुनर्विकसित अमृत भारत स्टेशनों का लोकार्पण करेंगे। इनमें फतेहपुर रेलवे स्टेशन भी शामिल है। करीब 33.10 करोड़ से स्टेशन का कायाकल्प किया गया है। इससे यात्रियों को आधुनिक और बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।
दिल्ली-हावड़ा रेलमार्ग के प्रमुख स्टेशनों में शामिल फतेहपुर स्टेशन अब आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित हो गया है। स्टेशन पर नया आकर्षक भवन, दूसरा प्रवेश द्वार, बड़ी पार्किंग, 12 मीटर चौड़ा फुटओवर ब्रिज, बेहतर प्रकाश व्यवस्था, आधुनिक प्रतीक्षालय, दिव्यांगजन अनुकूल सुविधाएं, स्वच्छ शौचालय और डिजिटल सूचना प्रणाली विकसित की गई है।
अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत स्टेशन को अधिक सुरक्षित, सुगम और यात्री अनुकूल बनाया गया है। दूसरे प्रवेश द्वार के शुरू होने से शहर के दूसरे हिस्से के यात्रियों को भी स्टेशन तक पहुंचने में आसानी होगी। चौड़े फुटओवर ब्रिज से प्लेटफार्मों के बीच आवागमन पहले से अधिक सुरक्षित और सुविधाजनक होगा।
लोकार्पण कार्यक्रम के दौरान रेलवे स्टेशन परिसर में पूर्व केंद्रीय मंत्री व राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग की अध्यक्ष साध्वी निरंजन ज्योति, जनप्रतिनिधियों, रेलवे अधिकारियों और शहर के गणमान्य लोगों की मौजूदगी में प्रधानमंत्री के संबोधन का सीधा प्रसारण किया जाएगा। रेलवे प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं।
अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत फतेहपुर स्टेशन को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित किया गया है। इससे यात्रियों को सुरक्षित, सुगम और बेहतर यात्रा अनुभव मिलेगा।
- जयनाथ यादव, स्टेशन प्रबंधक।
फोटो-20-जिले का नवनिर्मित अमृत भारत स्टेशन। संवाद