फतेहपुर। राज्य महिला आयोग की सदस्य अनीता सचान ने बुधवार को महिला उत्पीड़न की घटनाओं की समीक्षा की। उनसे पांच महिलाओं ने उत्पीड़न की शिकायत की। उन्होंने संबंधित थानेदारों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। कहा कि, महिला उत्पीड़न के मामलों में त्वरित कार्रवाई करें।
मिशन शक्ति 4.0 की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने के लिए अधिकारियों के साथ महिला आयोग की सदस्य ने बैठक की। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव रोमा गुप्ता, एसडीएम अजेंद्र सिंह, प्रोबेशन अधिकारी नीरज कुमार, सीओ लाइन अनिल कुमार, प्रभारी निरीक्षक महिला थाना कांती, एसीएमओ डॉ. आरके सिंह से विभागीय समीक्षा की।
इसके बाद मिशन शक्ति के तहत बहुआ में आयोजित जन जागरुकता चौपाल में गर्भवती महिलाओं की गोद भराई, अन्न प्रासन कार्यक्रम में पहुंची। महिलाओं को शासन की योजनाओं के संबंध में जानकारी दी। योजनाओं के प्रचार-प्रसार कराने और लाभ दिलाने के लिए महिलाओं को बताया। कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय शाह का औचक निरीक्षण किया।
खंड शिक्षा अधिकारी को विद्यालय में साफ-सफाई, रसोई की साफ-सफाई के निर्देश दिए। छात्राओं को नाश्ता, भोजन समय से देने की बात कही। आवासीय विद्यालय में पढ़ने वाली पात्र लाभार्थियों को कन्या सुमंगला योजना के आवेदन पत्र भराने के निर्देश दिए।