फतेहपुर। नहर कॉलोनी में बुधवार को हुई भाकियू टिकैत गुट की बैठक में किसानों की समस्याओं पर चर्चा की गई। इसमें डीएपी की उपलब्धता और हाईब्रिड धान की तौल कराने के मुद्दे भी उठे। प्रदेश उपाध्यक्ष राजेंद्र सिंह ने किसानों की समस्याओं को प्रशासन के जरिये हल कराने का आश्वासन दिया।
जिलाध्यक्ष अशोक उत्तम पटेल ने गेहूं की बुआई के समय किसानों को डीएपी नहीं मिल पा रही है। जिन दुकानदारों के पास डीएपी की उपलब्धता है, वह 1500 से 1600 रुपये प्रति बोरी में बेच रहे हैं। धान खरीद में 10 से 15 किलो कटौती की जा रही है। इसकी जांच होनी चाहिए।
जिलाध्यक्ष ने कहा कि कानपुर-प्रयागराज हाईवे के नउवाबाग के पुलिया गिरने से पानी का बहाव रुक गया है। इससे अक्तूबर की बारिश में खेतों में पानी भर गया था। कई किसानों की धान की फसल बर्बाद हो गई थी। अभी भी पानी भरा होने से गेहूं की बुआई भी नहीं हो पा रही है।
विद्युत वितरण खंड द्वितीय बिंदकी में और निचली गंगा नहर के सहायक अभियंता का कार्यालय पारादान कोठी में संचालित कराया जाए। अन्ना मवेशियों को गोशालाओं में भिजवाने की व्यवस्था प्रशासन करे।
बैठक में बीरेंद्र सिंह, नवल सिंह पटेल, बबलू कालिया, दिनेश शुक्ला, पप्पू सिंह, मुन्ना शेख, नागेंद्र यादव, कप्तान सिंह, सुरेश द्विवेदी, अर्जुन सिंह और जुल्फकार मौजूद रहे।
कांग्रेसियों ने राज्यपाल को भेजा ज्ञापन
हथगाम। रबी की फसल के समय खाद की कमी समेत किसानों की समस्याओं को लेकर कांग्रेस ने राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन बुधवार को बीडीओ हथगाम श्याम नारायण सिंह को सौंपा।
कांग्रेस नेता शिवाकांत तिवारी ने कहा कि बुआई के समय खाद किल्लत किसानों को रुला रही है। किसानों के ऊपर सरकार बोझ लाद रही है। पहले खाद की बोरी 50 किग्रा से घटाकर 45 किलोग्राम कर दी गई और इसकी कीमत में वृद्धि कर दी गई।
धर्मपाल सिंह, देव कुमार, नवीन कुमार, उदित अवस्थी, अशोक दुबे, आदर्श तिवारी, रोहित कुमार, अमन दीक्षित, सुनील तिवारी और वीरेंद्र कुमार मौजूद रहे। शिवाकांत ने कस्बे के लोगों से हथगाम-संवत, थरियांव सड़क पर हो रही दिक्कतों की चर्चा की। एक्सईएन लोक निर्माण एके शील विभाग से बातचीत कर मार्ग निर्माण की मांग की गई। (संवाद)