फतेहपुर। क्रिकेट टूर्नामेंट में व्हाइट और नो बाल को लेकर विवाद अंपायर का खिलाड़ियों से विवाद हो गया। अंपायर के प्रधान भाई ने समर्थकों के साथ खिलाड़ियों को दौड़ाकर पीटा। हमले में आठ खिलाड़ी घायल हो गए। एक को गंभीर हालत में कानपुर रेफर किया गया है। पुलिस ने सात नामजद और 50 अज्ञात लोगों पर मुकदमा दर्ज कर लिया है।
समेलपुर गांव में क्रिकेट टूर्नामेंट चल रहा है। सुल्तानपुर घोष थाना क्षेत्र के बहलोल सराय निवासी मो. सद्दाम की टीम भी टूर्नामेंट में मैच खेलने गई थी। शुक्रवार को सद्दाम की टीम का मैच मोहलिया की टीम से था।
सद्दाम ने बताया कि ग्राम प्रधान सुल्तान खान का भाई इमरान मैच में अंपायरिंग कर रहा था। व्हाइट और नो बाल को लेकर विवाद हो गया। सद्दाम का आरोप है कि अंपायरिंग कर रहे इमरान ने गाली गलौज कर दी। इस पर दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई।
इसी बीच प्रधान सुल्तान खान 50-60 समर्थकों के साथ तमंचे, लाठी-डंडे लेकर पहुंचे और सद्दाम की टीम पर हमला किया। हमले में सद्दाम, मुर्रसलीम, फैजान, सोहेल, अर्सलान, सादाब, उजैर, रिजवान घायल हो गए। सभी को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां से मुर्रसलीम को डाक्टर ने कानपुर रेफर कर दिया।
सद्दाम की तहरीर पर पुलिस ने प्रधान सुल्तान खान, इमरान, सलमान, आदिल, मो. शकील, मुंशाद, ताज खान, कलीम उर्फ लउवा और प्रधान के 50 समर्थकों पर बलवा, मारपीट, गाली गलौज, जान से मारने की धमकी की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
थानाध्यक्ष आशुतोष सिंह ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर घायलों का मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा गया है। आरोपियों की तलाश की जा रही है।