छिवलहा। हथगाम विकास खंड के अलग-अलग वार्डों से बीडीसी का चुनाव लड़ चुके कुछ प्रत्याशियों ने चुनाव में अनियमितता का आरोप लगाकर डीएम से शिकायत की है। आरोप है कि कुछ वार्डों में हारे प्रत्याशियों को जीत का प्रमाण पत्र दे दिया गया है। उन्होंने मामले की जांच कराकर पुन: मतों की गिनती कराने की मांग की है।
कसरांव निवासी महंगू ने बताया कि वह वार्ड नंबर एक से प्रत्याशी था। मतगणना के दिन उसे 99 वोट प्राप्त हुए थे और निकटतम प्रत्याशी को 80 मत मिले थे। आरोप है कि कुछ देर बाद 80 वोट पाने वाले प्रत्याशी राजकुमार को विजेता बताकर प्रमाण दे दिया गया।
इसी क्रम में वार्ड संख्या आठ से प्रत्याशी रहे विनोद कुमार ने बताया कि वह निर्विरोध बीडीसी चुना गया था। एक प्रत्याशी अमरनाथ का पर्चा निरस्त कर दिया गया था। अचानक अमरनाथ को जीत का प्रमाणपत्र दिया गया। जबकि सीट पर चुनाव ही नहीं हुआ है।
वार्ड नंबर 13 से रामकिशोर को 114 वोट मिले थे और इंद्रराज को 82 वोट। आरोप है कि मिलीभगत के तहत इंद्रराज को जीत का प्रमाण पत्र दिया गया है। इसी क्रम में वार्ड 14 से रामकली पत्नी शिवप्रसाद निर्विरोध बीडीसी चुनी गई थीं। बावजूद इसके गांव की एक महिला को जीत का प्रमाणपत्र दिया गया है। ग्रामीणों ने प्रकरण की जांच कराते हुए फिर से गिनती कराए जाने की मांग रखी है।