फतेहपुर। लॉकडाउन बढ़ने के साथ ही पुलिस प्रशासन चौकन्ना हो गया है। फिलहाल बीस अप्रैल तक के लिए सख्ती बढ़ाई गई है। सीमाओं पर बैरियर ड्यूटी और शहर में बैरियर बढ़ा दिया गया है। पुलिस कर्मियों को दिशा निर्देश जारी किए गए हैं। पुलिस ने आर्थिक मंदी झेल रहे व्यापारियों को कुछ दिन और सब्र बनाए रखने की अपील की है।
पुलिस अधीक्षक प्रशांत वर्मा ने औंग, जहानाबाद, चांदपुर, हुसैनगंज, खागा, धाता, ललौली, सुल्तानपुर घोष थाना क्षेत्रों में लगे बैरियरों पर सतर्कता से ड्यूटी के निर्देश दिए। दूसरे जिलों से आने वाले किसी वाहन को भी घुसने पर रोक लगाई गई है। बीस अप्रैल तक बार्डर से आवश्यक वस्तुओं को छोड़कर किसी को भी आने जाने नहीं दिया जाएगा। सीओ सिटी केडी मिश्रा ने विद्यार्थी चौराहे पर शहर पुलिस को लॉकडाउन का सख्ती से पालन कराने के लिए ब्रीफ किया। वाहनों की चौराहों पर चेकिंग की गई। 27 वाहनों से 28 हजार तीन सौ रुपये का शमन शुल्क वसूला है। पचास वाहनों का चालान किया गया। एक वाहन सीज किया गया। शहर कोतवाली में शाम को व्यापारियों के साथ बैठक की गई। शहर में पुलिस ने मुराइनटोला मार्ग, वर्मा चौराहा, सिविल लाइन, लोधीगंज, जयरामनगर, राधानगर में बैरियर बढ़ाए गए हैं। बैरियरों पर पुलिस को चौकन्ना किया गया है।