फतेहपुर। किसानों का गेहूं खरीदने के लिए जिले के 43 क्रय केंद्रों में आज से खरीद शुरू होगी। इसके लिए चार संस्थाओं का चयन किया गया है। इस बार 1975 रुपये प्रति क्विंटल की दर से गेहूं की तौल कराई जाएगी। अब तक 450 किसानों ने गेहूं बेचने के लिए पंजीकरण कराया है।
अभी जिले में हाटशाखा, पीसीएफ, भारतीय खाद्य निगम और यूपीएसएस को गेहूं खरीदने के लिए चयनित किया गया है। इनके 43 गेहूं खरीद केंद्र खोलने की जिलाधिकारी ने अनुमति दी है। सभी केंद्र एक अप्रैल यानी आज से शुरू कर दिए जाएंगे। इसकी तैयारी पूरी कर ली गई है। केंद्र वाली जगहों को खाली करा लिया गया। गेहूं की खरीद 15 जून तक की जाएगी।
जिले में इस बार 1.84 लाख हेक्टेयर क्षेत्रफल में गेहूं की बुआई की गई है। करीब 77 लाख क्विंटल पैदावार का अनुमान है। खाद्य एवं रसद विभाग के पोर्टल में पंजीकरण कराने वाले किसानों का गेहूं क्रय केंद्र में खरीदा जाएगा। पंजीकरण के बाद हल्का लेखपाल व एसडीएम से पंजीकृत गेहूं वाले क्षेत्रफल का सत्यापन किया जाएगा।
जिला खाद्य एवं विपणन अधिकारी रमेश कुमार श्रीवास्तव का कहना है कि जिले के किसान सरकारी क्रय केंद्रों पर गेहूं बेचें। इससे ज्यादा लाभ होगा। किसी तरह की दिक्कत नहीं होगी। अधिकारी केंद्रों का नियमित निरीक्षण करेंगे। दिक्कत होने पर किसान एसडीएम के नंबर पर फोन कर शिकायत कर सकते हैं।
खुले बाजार में गेहूं के दाम 1650 रुपये प्रति क्विंटल है। सरकारी क्रय केंद्रों पर 1975 रुपये प्रति क्विंटल तय किया गया है। इससे किसानों को 325 रुपये एक क्विंटल में लाभ होगा। खुले बाजार से ज्यादा किसान सरकारी क्रय केंद्रों में गेहूं बेचना पसंद करेंगे।