बहुआ। ललौली थाना क्षेत्र के कोंडार गांव में छह साल की दर्पण का अपहरण करने के मामले में पुलिस ने आरोपी को कोर्ट के आदेश पर जेल भेजा है। पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने कबूला है कि गलत नीयत से बच्ची का अपहरण कर ले गया था। मेडिकल परीक्षण रिपोर्ट सामान्य होना सामने आया है। वहीं, पिता ने वारदात में और भी लोगों के शामिल होने का आरोप लगाया है।
ललौली थाना क्षेत्र के कोंडार गांव निवासी राजवंत सिंह की छह साल की बेटी दर्पण का बुधवार दोपहर करीब एक बजे गांव का सुजीत सिंह अपहरण कर ले गया था। बच्ची को कोंडार गांव के जंगल में छोड़कर भाग निकला था। कड़ी मशक्कत के बाद बच्ची जंगल में एक गड्ढे से गुुुरुवार दोपहर बरामद हुई थी। आरोपी सुजीत को ग्रामीणों ने पुलिस को सौंपा था। पुलिस ने आरोपी से लंबी पूछताछ की।
प्रभारी निरीक्षक अमित मिश्रा ने बताया कि आरोपी ने कबूला कि वह बच्ची को नशे में गलत नीयत से अगवा कर ले गया था। उसे ग्रामीणों ने देख लिया था, तभी जंगल में छोड़कर भाग निकला था। आरोपी पर पॉक्सो एक्ट और अपहरण का मुकदमा दर्ज किया गया है। मेडिकल रिपोर्ट सामान्य होना सामने आया है। आरोपी को कोर्ट के आदेश पर जेल भेजा गया है। आरोपी नशे का लती और अविवाहित है। घर में भी कोई उसका मुखिया नहीं है। इसी वजह से नशे में घूूमता रहता है। उधर, बच्ची के पिता राजवंत सिंह ने बताया कि बच्ची के अपहरण में सुजीत सिंह के भांजे शामिल हैं। उन लोगों ने ही बच्ची को छोड़ा है।
सीओ संजय सिंह ने बताया कि मामले की जांच जारी है। किसी के खिलाफ साक्ष्य मिलेंगे तो उस पर कार्रवाई की जाएगी। किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।