फतेहपुर। सकुशल पंचायत चुनाव कराने के लिए पुलिस लाइन सभागार में जोनल, सेक्टर मजिस्ट्रेटों और क्लस्टर मोबाइल टीम के सदस्यों को प्रशिक्षण दिया गया। जिला निर्वाचन अधिकारी अपूर्वा दुबे व एसपी सतपाल अंतिल ने कहा कि पंचायत चुनाव में लगाए गए अधिकारी एक-दूसरे के मोबाइल नंबर फीड कर लें। सभी मजिस्ट्रेट अपने मतदेय स्थलों का निरीक्षण कर लें और जहां भी मलबा और ईंटें पड़ी हैं उन्हें तुरंत हटवा दें।
जिला निर्वाचन अधिकारी अपूर्वा दुबे ने कहा कि 26 अप्रैल को मतदान होगा। इसके लिए तहसील सदर, बिंदकी, खागा के जोनल, सेक्टर मजिस्ट्रेट, क्लस्टर मोबाइल टीम के सदस्य अपने सीयूजी, व्यक्तिगत नंबर एक दूसरे को आदान-प्रदान करके फीड कर लें। अपने क्षेत्र के मतदान केंद्रों का भ्रमण करके सारी व्यवस्थाएं देख लें, यदि मतदेय स्थल पर मलबा, ईंट पड़ी हैं, तो तत्काल हटवा दें।
महिलाओं व पुरुषों के लिए दो गज की दूरी पर गोले देख लें। ताकि सोशल डिस्टेंसिंग का पालन हो सके और लाइट व इमरजेंसी लाइट की व्यवस्था भी देख लें। कहीं कोई कमी है तो तत्काल व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। ऐसे बूथ चिह्नित कर लिए जाएं, जहां बीडीसी के लिए एक से अधिक उम्मीदवार हैं, पीठासीन को अवश्य बता दें। उन्होंने कहा कि चुनाव ड्यूटी भ्रमण का प्लान पहले से बना लें।
पंचायत चुनाव में कोविड-19 के नियमों का पालन जरूर किया जाए। कंट्रोल रूम नंबर 05180-298601 और अपर जिलाधिकारी न्यायिक का मोबाइल नंबर 9454417874 है। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि जिले में 74 संवेदनशील, 144 अतिसंवेदनशील बूथ हैं। वहां पर जोनल, सेक्टर मजिस्ट्रेट के साथ पर्याप्त पुलिस बल रहेगा। सभी जोनल, सेक्टर मजिस्ट्रेट एवं क्लस्टर मोबाइल टीमें अपने क्षेत्र के थानाध्यक्ष का भी मोबाइल नंबर रखें।
पुलिस लाइन का कंट्रोल रूम नंबर 05180-224524 व 9454403359 है। इस मौके पर प्रशिक्षु आईएएस नवनीत सेहरा, अपर जिलाधिकारी न्यायिक विनीता सिंह, एसडीएम सदर प्रमोद झा, तहसीलदार सदर विदुषी सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार और सीओ सिटी संजय सिंह आदि मौजूद रहे।