फतेहपुर। जिले में मंगलवार को दो लोगों के कोरोना संक्रमित होने की पुष्टि हुई है। हालांकि पांच लोग ठीक भी हुए हैं। जिले में अब एक्टिव केस 43 हो गए हैं। उधर, बढ़ते रोगियों की संख्या को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने कंटेनमेंट जोन बनाकर बैरीकेडिंग कराई है।
स्वास्थ्य विभाग को मंगलवार को 321 कोरोना जांच रिपोर्ट मिली। इनमें दो व्यक्तियों के संक्रमित होने की पुष्टि हुई है। विजयीपुर ब्लाक के खखरेरू का एक और ऐरायां ब्लाक के डंडवापार गांव का एक व्यक्ति शामिल है।
उधर, शहर के अमरजई मोहल्ले में मदर सुहाग इंटर कालेज के समीप एक व्यक्ति कोरोना संक्रमित मिला था। मंगलवार को नगर पालिका की टीम ने पहुंचकर आसपास के घरों को सैनिटाइज किया और बैरीकेडिंग करके रास्ते को बंद कर दिया।
सीएमओ डा. गोपाल माहेश्वरी ने बताया कि संक्रमण से बचाव के लिए मास्क लगाना, भीड़भाड़ में जाने से बचने के साथ बार-बार हाथ धोने या सैनिटाइजर का प्रयोग करके बचा जा सकता है।
........................
घनश्यामपुर में 60 लोगों की कोविड जांच कराई
जहानाबाद। क्षेत्र के घनश्यामपुर गांव में दो लोगों के कोरोना पॉजिटिव रिपोर्ट आने के बाद स्वास्थ्य विभाग अलर्ट हो गया। मंगलवार को पीएचसी टीम ने कैंप लगाकर 60 लोगों की कोरोना की जांच की। चिकित्सा अधीक्षक डा. रघुराज ने बताया कि चिकित्सकों की टीम भेज कर गांव में कोविड की जांच कराई गई है। (संवाद)