बिंदकी/शाह। बिजली की तारों के आपस में टकराने से निकली चिंगारी से गेहूं की 13 बीघे फसल जलकर राख हो गई। हादसा बिंदकी और गाजीपुर क्षेत्र में हुआ। किसानों को भारी नुकसान हुआ है। राजस्व विभाग ने नुकसान का आंकलन किया है।
बिंदकी कोतवाली के चुरामनखेड़ा गांव में सोमवार दोपहर करीब तीन बजे शार्ट सर्किट से आग लग गई। लोगों ने आग बुझाना शुरू किया लेकिन लपटों के आगे वह बेबस थे। लोगों ने फायर ब्रिगेड को फोन किया तो गाड़ी मौके पर पहुंची और तब आग बुझ सकी।
घटना में कृष्ण कुमार की एक बीघा, पीकू की दो बीघा, राधेलाल की एक बीघा, बुधराज की एक बीघा, शिवशंकर की डेढ़ बीघा, राजीव कुमार की डेढ़ बीघा, सुशीला की एक बीघा, रामनरेश की एक बीघा, सतवीर की एक बीघा गेहूं की फसल जलकर राख हो गई।
इसी क्रम में गाजीपुर थाना क्षेत्र के बड़नपुर गांव में हाईटेंशन लाइन में शार्ट सर्किट होने के बाद तार खेतों पर गिर गए। इससे फसलों में आग लग गई। आग लगने से राजेंद्र सिंह की करीब दो बीघे फसल जलकर राख हो गई। ग्रामीणों ने किसी तरह आग बुझाई।