असोथर। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में प्रसव के दौरान नवजात शिशु की मौत हो गई। नवजात की मौत से परिजनों ने हंगामा किया। सीएमओ से शिकायत करने की बात भी कही। लोगों के समझाने पर परिजन शांत हुए।
थानाक्षेत्र के सरकंडी के मजरे लक्ष्मणपुर निवासी रामशरन ने बेटी सुमैना को प्रसव के लिए सोमवार की रात आठ बजे पीएचसी में भर्ती कराया। ड्यूटी पर मौजूद एएनएम सीमा देवी ने प्रसव कराने के लिए इलाज शुरू किया। देर रात हुए प्रसव के कुछ देर बाद शिशु की मौत हो गई।
सूचना पर पहुंचे रामनगर कौंहन के मजरे अंभी का डेरा निवासी महिला के पति रामकरन और उसके परिजनों ने पीएचसी में हंगामा किया। एएनएम पर लापरवाही बरतने का आरोप लगाया। कहा कि इसकी शिकायत सीएमओ से करेंगे। बाद में लोगों के समझाने बुझाने के बाद परिजन जच्चा बच्चा को लेकर घर चले गए। उधर, एएनएम ने बताया कि गर्भ में ही शिशु की मौत हो चुकी थी। वह मृत ही पैदा हुआ है। उनके प्रयास से जच्चा की जान बची है।