असोथर। बौंडरहाट शाखा धान क्रय केंद्र में महीनेभर से डंप धान की खरीद अंतिम दिन भी सुस्त रही। डीएम के निर्देश के बाद भी चार के बजाय सिर्फ एक कांटे से ही खरीद हुई। चार किसानों से सिर्फ 200 क्विंटल धान ही खरीदा जा सका।
डीएम के निर्देश पर शनिवार को केंद्र प्रभारी वंदना ने दोपहर एक बजे से धान की तौल शुरू कराई। जिसमें पुतू सिंह का 45 क्विंटल, अवधेश सिंह का 34, पंकज सिंह का 60, धनराज निषाद का 60 क्विंटल धान ही खरीदा गया। किसानों का आरोप है कि कागज में 1400 क्विंटल की तौल दर्ज की गई है। एक दर्जन किसान अपने धान की तौल का इंतजार करते रहे, लेकिन मार्केटिंग इंस्पेक्टर ने तौल नहीं कराई।
किसान अरविंद, राजू गुप्ता, महाजन, राजाराम, रामकृपाल, धुन्ना तिवारी, ओम प्रकाश चौहान, मनोज आदि का एक माह से धान केंद्र में पड़ा था लेकिन तौला नहीं गया। आखिरी दिन भी धान खरीद में खेल किया गया। मार्केटिंग इंस्पेक्टर वंदना सिंह का कहना है कि पिछली तौल चढ़ाने के लिए काफी बकाया है। इसलिए नई तौल नहीं होगी। बता दें कि धान खरीद 28 फरवरी तक होनी थी लेकिन 28 फरवरी को रविवार होने के कारण धान खरीद का यह अंतिम दिन था।