फतेहपुर। ओवरलोडिंग के खिलाफ चले अभियान में 96 ट्रकों चालन किया गया है जबकि 16 सीज हुए हैं। यात्रीकर अधिकारी जीएन मिश्रा ने टीम के साथ बांदा-टांडा हाईवे पर करीब 15 किलोमीटर के दायरे में चेकिंग कर वाहनों का चालन किया। चालक ट्रकों को छोड़कर भाग निकले। खनन विभाग ने रात को चेकिंग अभियान में 16 ट्रकों को ओवरलोडिंग में सीज किया है।
यात्रीकर अधिकारी गुरुवार भोर करीब चार बजे टीम के साथ चेकिंग में निकले। चालकों में हड़कंप मच गया। नउवाबाग से लेकर जयराम नगर चौराहे तक 60 मौरंग लदे ओवरलोड ट्रक पकड़े गए। ओवरलोड ट्रकों का चालान किया गया। इसके बाद टीम सहिली मार्ग पर पहुंची। यहां पेट्रोल टंकी, बाग में छिपाकर खड़े मौरंग लदे 36 ट्रकों का चालान हुआ। इसके बाद ट्रक बांदा मार्ग पर नजर नहीं आए।
टीम को चकमा देकर कुछ ट्रक अस्ती चौराहे और राधा नगर से सीधे शहर के अंदर प्रवेश कर लखनऊ बाईपास पर निकले। यात्रीकर अधिकारी ने बताया कि चेकिंग में करीब 96 ट्रकों का ऑनलाइन चालान किया गया है। कार्रवाई में करीब 80 लाख का जुर्माना विभाग की तरफ से होगा। खनन निरीक्षक अजीत पांडेय की टीम ने ललौली, शाह कस्बे में बुधवार रात ओवरलोड वाहनों पर कार्रवाई की। 16 ट्रक सीज किए गए हैं।
ट्रकों को पास कराने वाले पूरी रात हाईवे पर गदर मचाए रहते हैं। वाहन पास कराने वाले अधिकारियों के घरों के बाहर लग्जरी वाहन से चक्कर काटते हैं। यात्रीकर अधिकारी ने बताया कि घर के बाहर घूमकर लोकेशन देने वाली 10 कारों का चालान किया है। सभी वाहन ट्रकों को पास कराने वालों के हैं।