फतेहपुर। नगर पालिका पटेलनगर चौराहे से आईटीआई बाउंड्री तक 20 लाख की लागत से नाले का निर्माण कराएगी। दक्षिणी पटरी में बनने वाले नाले के निर्माण के लिए चिन्हांकन का काम पूरा हो गया है। नाला बनकर तैयार होने के बाद पटेलनगर चौराहे पर होने वाले जलभराव से निजात मिलेगी।
आईटीआई रोड की उत्तरी पटरी पर जलनिगम का बनाया गया नाला ऊं चा होने से बेमकसद हो गया है। बारिश का पानी नाले के रास्ते निकलने के बजाय सड़क से बहता है। हर साल बारिश में लाखों की सड़क नष्ट हो जाती है। नगर पालिका ने दक्षिणी पटरी पर दूसरे नाले का निर्माण कराने का निर्णय लिया है।
पालिका ने नाला निर्माण की टेंडर प्रक्रिया पूरी करा दी है। नवरात्र से पहले नाला निर्माण प्रारंभ होना है। अवर अभियंता निर्माण अमित जायसवाल का कहना है कि नया साल शुरू होने तक नाला निर्माण पूरा हो जाएगा।