किशनपुर(फतेहपुर)। अन्ना मवेशियों के बढ़ते झुंड ने सड़क को ठिकाना बना लिया है। मवेशी दिनभर खागा-किशनपुर मार्ग पर टहलते हैं और रात को सड़क पर बैठ जाते हैं। ऐसे में कस्बे की सड़कों से निकलना लोगों के लिए मुसीबत है।
किशनपुर बस अड्डा से विद्युत उपकेंद्र और थाने वाली रोड पर अन्ना मवेशियों ने ठिकाना बना लिया है। यहां अन्ना मवेशियों के अलग-अलग कई झुंड हैं। एक-एक झुंड में 40-50 अन्ना मवेशी हैं।
इनके सड़क पर बैठने के बाद बाइक व पैदल निकलना मुश्किल हो जाता है। साथ ही फसलें अन्ना मवेशियों की वजह से नहीं बच पाती हैं। फसलों में हरियाली आते ही अन्ना मवेशी चरना शुरू कर देते हैं।
कई किसानों ने अन्ना मवेशियों के आतंक से बुआई बंद कर दी है। बस अड्डा और मंडी के आसपास फल, सब्जी का ठेला लगाने वाले भी अन्ना मवेशियों से परेशान हैं। नगर पंचायत प्रशासन अन्ना मवेशियों से लोगों को राहत दिलाने में नाकाम है।
नगर पंचायत में अभी तक गोशाला नहीं बनी है। इसका प्रस्ताव बनाकर शासन को भेजा गया है। बजट मिलने के बाद गोशाला बनाने का काम शुरू कराया जाएगा। इसके बाद नगरीय क्षेत्र के अन्ना मवेशियों को गोशाला में रखा जाएगा। - अजय कुमार पांडेय, ईओ, किशनपुर नगर पंचायत