फोटो-36-फतेहपुर: घटना स्थल पर लगी भीड़। संवाद
धाता। कस्बे के दीप नारायण तिराहे के पास बृहस्पतिवार दोपहर धाता इंटर कॉलेज के चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी को डंपर ने टक्कर मारकर कुचल दिया। उनकी मौके पर ही मौत हो गई। कर्मचारी के निधन पर विद्यालय में शोक के चलते शिक्षण कार्य बंद कर दिया गया।
कौशांबी जिले के मंझनपुर थाना क्षेत्र के महमदापुर निवासी लवलेश (54) धाता इंटर कॉलेज में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी थे। बृहस्पतिवार को वह विद्यालय के काम से बैंक ऑफ बड़ौदा की धाता शाखा गए थे। दोपहर करीब 12 बजे रुपये निकालकर लौटते समय दीप नारायण तिराहे के पास सिराथू की ओर से आ रहे खाली डंपर ने उन्हें टक्कर मार दी। सड़क पर गिरने के बाद डंपर का पिछला पहिया उनके सिर के ऊपर से निकल गया। हादसे में उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद चालक डंपर लेकर भाग निकला। आसपास के दुकानदारों और राहगीरों की भीड़ जुट गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
लवलेश की वर्ष 1992 में धाता इंटर कॉलेज में नियुक्ति हुई थी। वह करीब 34 साल से विद्यालय में सेवाएं दे रहे थे। उनके निधन की खबर से पत्नी कुसमा देवी और पुत्र कुलदीप व आशीष का रो-रोकर बुरा हाल है। प्रधानाचार्य, शिक्षक और कर्मचारियों में भी शोक छा गया। सहकर्मियों ने उनके निधन पर दुख जताया। थानाध्यक्ष अभिलाष तिवारी ने बताया कि डंपर कब्जे में ले लिया गया है और चालक की तलाश की जा रही है।
फोटो-36-फतेहपुर: घटना स्थल पर लगी भीड़। संवाद