असोथर। सुजानपुर रजबहा में रानीपिपरी गांव के पास पुल का निर्माण मानक विहीन कराने का आरोप लगाकर ग्रामीणों ने हंगामा किया। सूचना पर सिंचाई विभाग के अवर अभियंता मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को गुणवत्तापूर्ण काम कराने का आश्वासन दिया।
रानी पिपरी गांव की शिवदुलारी, रमेश कुमार, राम प्रसाद, लोला प्रसाद और बबलू ने कहा पुल निर्माण में ठेकेदार मानक के अनुसार सामग्री नहीं लगा रहा है। यह पुल एक दिन के लिए नहीं बन रहा है। इसका उपयोग कई पीढ़ियां करेंगी। ठेकेदार घटिया ईंट लगाकर पुल बना रहा है और मानक अनुसार लोहा और सीमेंट का भी उपयोग नहीं किया जा रहा है। अब ऐसे में सिर्फ पैसा खर्च होगा।
ग्रामीणों ने मांग उठाई कि गुणवत्ता की जांच कराई जाए और खराब गुणवत्ता पर ठेकेदार को दंडित करते हुए पुल का का मानक के हिसाब से कराया जाए। मौके पर पहुंचे अवर अभियंता सुरेश कुमार ने बताया कि निर्माण कार्य रोक दिया है और गुणवत्ता की जांच कराने का आश्वासन दिया है। तब ग्रामीणों का गुस्सा शांत हुआ।