बिंदकी। एक्सरे फिल्म न होने से सीएचसी में डिजिटल मशीन पांच माह से बंद पड़ी है। सीएमएस की डिमांड के बावजूद डिजिटल फिल्म उपलब्ध नहीं कराई गई। इससे लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
नवंबर में सीएचसी में डिजिटल एक्सरे मशीन की सुविधा शुरू हुई थी। शुरुआत में सिर्फ 150 डिजिटल एक्सरे करने के लिए मशीन की साथ फिल्म मिली थी। जो पखवारेभर में खत्म हो गई थी। पांच माह बीत चुके हैं, लेकिन सीएचसी में दोबारा एक्स-रे फिल्म नहीं आई है।
लोगों को इधर-उधर भटकना पड़ता है। सीएचसी में प्रतिदिन 15 से 20 लोग एक्स-रे कराने आते हैं और मायूस होकर लौट जाते हैं। 200 से लेकर 250 रुपये खर्च करके निजी सेंटरों में एक्स-रे कराना पड़ता है। सीएससी के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक सुनील कुमार चौरसिया ने बताया कि कई बार उच्चाधिकारियों को एक्स-रे फिल्म खत्म होने की सूचना दी गई, लेकिन अभी तक कोई सुनवाई नहीं हुई है।