हुसैनगंज (फतेहपुर)। थानाक्षेत्र बांदा-टांडा हाईवे पर खड़े ट्रक से रविवार को बाइक सवार टकरा गए। हादसे में एक बोरिंग मिस्त्री की मौत हो गई। उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे के वक्त बाइक चला रहे मृतक ने हेलमेट लगा रखा था, जो क्षतिग्रस्त हो गया।
रायबरेली जिले शिवगढ़ थाने के कोइलीखेड़ा मजरे चितवनिया निवासी अनिल चौरसिया उर्फ रंगा (30) बोरिंग मिस्त्री था। वह हुसैनगंज में बोरिंग का काम कर रहा था। साथी मिस्त्री सुनील (20) को लेकर अनिल फतेहपुर बोरिंग का सामान लेने बाइक से जा रहा था। उसी दौरान बांदा-टांडा हाईवे पर सातमील के पास सामने से आ रहे वाहन से बचने के चक्कर में अनिल चौरसिया बाइक से नियंत्रण खो बैठा। इससे बाइक बेकाबू होकर सड़क के किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई।
हादसा देखकर आसपास के लोग पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची घायलों को पीएचसी ले गई। वहां डॉक्टर ने रंगा को मृत घोषित कर दिया। वहीं, सुनील की हालत नाजुक बताई गई है। हादसे में जान गंवाने वाले अनिल की मौत से पत्नी अन्नू चौरसिया, पुत्र अर्पित (8) और पुत्री पल्लवी को रो-रो कर बुरा हाल रहा। थानाध्यक्ष रणजीत बहादुर सिंह ने बताया हादसा खड़े ट्रक में पीछे से टकराने से हुआ। अनिल बाइक चला रहा था। हादसे के दौरान उसका हेलमेट टूट गया है।