फतेहपुर। उत्तर प्रदेश मिलेट्स पुनरुद्धार योजना के तहत मंगलवार को जिला स्तरीय श्रीअन्न (मिलेट्स) रेसीपी प्रतियोगिता और नेशनल मिशन ऑन एडिबल ऑयल (ऑयल सीड्स) योजना के तहत तिलहन मेले का आयोजन हुआ। इसका शुभारंभ सीडीओ पवन कुमार मीना ने दीप जलाकर किया। उन्होंने किसानों से फसल उत्पादन के साथ बागवानी करने की अपील की।
सरदार वल्लभ भाई पटेल प्रेक्षागृह में हुई मिलेट्स रेसीपी प्रतियोगिता में जिले के पांच होटल व रेस्टोरेंटों ने प्रतिभाग किया। इसमें हाइड आउट स्वीट्स एंड रेस्टोरेंट, मुखलाल स्वीट हाउस, रामा स्वीट हाउस, द्विवेदी रेस्टोरेन्ट व चौहान स्वीट्स एंड रेस्टोरेंट शामिल थे। निर्णायक मंडल ने चौहान स्वीटस बाकरगंज को प्रथम, रामा स्वीट हाउस जीटी रोड द्वितीय और मुखलाल स्वीट हाउस जीटी रोड तृतीय घोषित किया गया जिन्हें प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। अन्य प्रतिभागियों को सांत्वना पुरस्कार मिला।
सीडीओ ने किसानों से फसलों के अवशेष न जलाने, दो ट्राली पराली गोशालाओं को दान देकर एक ट्राली गोबर की खाद प्राप्त करने की अपील की। साथ ही राजकीय उद्यान पौधशाला से साकभाजी के पौध प्राप्त करने, खेती में विविधता लाने, फार्मर रजिस्ट्री कराने के लिए कहा। वहीं उद्यान निरीक्षक सुनील कुमार ने शाकभाजी, बागवानी, मसालों की उन्नतशील खेती करने और कृषकों से फसल की सिंचाई मिनी स्प्रिंकलर से करने की अपील की।
कृषि विज्ञान केंद्र की कृषि वैज्ञानिक डाॅ. साधना वैश्य ने मिलेट्स फसलों की खेती कर उससे बने उत्पाद आहार में शामिल करने की बात कही। यहां पर जिला कृषि अधिकारी, अग्रणी जिला प्रबंधक सुनील कुमार, उद्यान निरीक्षक अरविंद कुमार आदि मौजूद रहे।