किसानों को जानकारी देंगे कृषि विशेषज्ञ
- फोटो : amarujala
जिले में अब केवल अक्षर ज्ञान नहीं खेती के गुर सिखाने के लिए किसानों का स्कूल खुलेगा। इस स्कूल का नाम किसान सिंचाई स्कूल होगा। इसमें किसानों को उनके विशेषज्ञ हेड व टेल में फसल बुआई की जानकारी देंगे। किसानों के लिए विकट बनी सूखे की समस्या से निपटने के लिए शासन ने यह अभिनव प्रयास शुरू किया है।
सिंचाई खंड के अधिशासी अभियंता ओपी चौधरी ने बताया कि नहर के प्रत्येक कुलाबे में समिति का गठन किया जाएगा। नहर के पानी से फसल सिंचाई करने वाले किसानों को ही इस समिति में रखा जाएगा। इसके लिए मतदाता सूची तैयार कराई जा रही है। प्रत्येक कुलाबे की समिति में अध्यक्ष व सदस्यों का चुनाव कराया जाएगा।
समिति गठन के बाद प्रत्येक कुलाबा के अध्यक्ष व सदस्यों की निगरानी में फसलों की सिंचाई होगी। कृषि अधिकारी व सिंचाई विभाग के अधिकारी चयनित सदस्यों को किसान सिंचाई स्कूल में प्रशिक्षण देंगे। उप कृषि निदेशक जीसी कटियार ने बताया कि समितियों का चयन करने के बाद किसानाें को प्रशिक्षण दिया जाएगा कि कुलाबा के हेड में रबी और खरीफ की कौन सी फसल की बुआई कैसे करनी है?
फसलों में कब, कितनी सिंचाई करनी है और उसकी देखरेख कैसे करना है? अध्यक्ष और सदस्यों को प्रशिक्षित कर अन्य किसानों को जागरूक करेंगे। इससे किसान पहले से ज्यादा होंगे जागरूक, खेती के प्रति बढ़ेगा रुझान, सिंचाई अच्छी और तकनीकी तरीके से होगी तो मिलेगा फायदा, ऐसी जागरूकता से नहरों में पानी भी अधिक दूरी तक पहुंचेगा जिससे फायदा होगा।