फतेहपुर। लॉकडाउन में खेतीबाड़ी का काम प्रभावित न हो, इसके लिए डीएम अपूर्वा दुबे ने गाइडलाइन जारी की है। खाद, बीज खरीदने व फसल बेचने के लिए निकले किसानों को रोका नहीं जाएगा। साथ ही कृषि संबंधित ढुलाई में लगाए गए वाहनों के आवागमन को भी अनुमति जारी की गई है।
डीएम अपूर्वा दुबे ने कहा कि वर्तमान में किसान सरकारी क्रय केंद्रों में गेहूं, मंडियों में हरी सब्जी बेचने मंडियों में जा रहे हैं। ऐसे लोगों को परेशान नहीं किया जाएगा। मंडी, सरकारी क्रय केंद्रों के अलावा अगर किसान खाद, बीज की दुकानों में जाते हैं तो उन्हें नहीं रोका जाएगा। खाद, बीज की दुकानें सुबह सात बजे से दोपहर दो बजे तक खुली रहेंगी। लॉकडाउन का कड़ाई से पालन कराया जाएगा। बिना जरूरत लोग घरों से बाहर न निकलें।
दुकानें खुलने का समय
- दूध बिक्री सुबह 6:00 बजे से 8:00 बजे तक, फिर शाम 5:00 बजे से 7:00 बजे तक
- किराना की थोक दुकानें सुबह 8:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक
- किराना की फुटकर दुकानें सुबह 9:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक
- फल, सब्जी (ठेला वाले) सुबह 7:00 बजे से 9:00 बजे व शाम 5:00 बजे से शाम 7:00 बजे तक
- आटा चक्की की दुकान सुबह 9:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक