हथगाम। गंगा कटरी की जमीन के विवाद में गुरुवार रात मधवापुर गांव के किसान की फावड़े और लाठियों से हमला कर हत्या कर दी गई।
पुलिस की कार्यशैली पर उंगलियां उठाकर परिजनों ने हंगामा कर दिया। थानाध्यक्ष ने उन्हें समझाया।
मधवापुर गांव के राम आसरे (55) के खेत गंगा किनारे सेनीपुर गांव में हैं।
शाम को वह रखवाली करने खेत पर गए थे। वहां रात करीब आठ बजे जमीन को लेकर गांव के कुछ लोगों से विवाद हो गया।
दूसरे पक्ष के लोगों ने फावड़े, लाठी डंडे से राम आसरे पर हमला कर दिया। इसमें उनकी मौत हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
परिजनों ने छिवलहा चौकी की कार्यशैली पर नाराजगी जताकर हंगामा किया। परिजनों ने आरोप पुलिस जल्दबाजी में शव पोस्टमार्टम के लिए भेजने का आरोप लगाया। थानाध्यक्ष रणजीत बहादुर सिंह ने उन्हें समझाकर शांत कराया।
भाई राम प्रसाद ने बताया कि सेनीपुर गांव के कुछ लोगों से गंगा कटरी की जमीन को लेकर सोमवार को विवाद हुआ था।
इसी रंजिश में हमला किया गया। सीओ दिनेश चंद्र मिश्रा ने बताया कि अभी तहरीर नहीं मिली है। परिजनों के आरोप के आधार पर आरोपियों की तलाश की जा रही है।
किसान से नकदी, मोबाइल, बाइक लूटी
असोथर। गाजीपुर थाना क्षेत्र के बरुहा निवासी किसान कमलेश पाल टीकर गांव रिश्तेदार मुकेश के घर गए थे। गुरुवार रात बाइक से लौटते समय बुधरामऊ पुलिस चौकी के पास दो लोगों रोका। कुछ दूर छोड़ने का अनुरोध किया, तो कमलेश ने बाइक पर बैठा लिया। कुछ दूरी पर बाइक रुकवाई और मारपीट कर कमलेश से 11 हजार रुपये, मोबाइल और बाइक लूट ली। प्रभारी निरीक्षक नीरज यादव ने कहा कि मामला संदिग्ध लग रहा है, फिर भी जांच की जा रही है। (संवाद)