फोटो-13- फाइल फोटो जगरूप। स्रोत परिजन
हुसैनगंज। डंपर की टक्कर से बाइक सवार किसान की शुक्रवार रात मौत हो गई। वहीं हादसे में भाई समेत दो लोग घायल हो गए। हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने डंपर और चालक की गिरफ्तारी की मांग को लेकर पुलिस को शव उठाने से रोक दिया। टांडा-रायबरेली हाईवे पर करीब ढाई घंटे तक जाम लगा रहा। बाद में पुलिस ने समझाकर शव कब्जे में लिया।
थाना क्षेत्र के मोहद्दीनपुर निवासी किसान जगरूप लोधी (56) भाई शिवबरन और पड़ोसी अशोक के साथ थरियांव थाना क्षेत्र के बिलंदा कस्बे में निमंत्रण में गए थे। शुक्रवार रात तीनों एक ही बाइक से घर लौट रहे थे। टांडा-रायबरेली हाईवे पर थाना क्षेत्र के कढ़ीवा के पास पीछे से आए तेज रफ्तार डंपर ने बाइक में टक्कर मार दी।
हादसे में पीछे बैठे जगरूप उछलकर सड़क पर गिर पड़े और डंपर की चपेट में आने से उनका सिर कुचल गया। उनकी मौके पर ही मौत हो गई। बाइक चालक अशोक और शिवबरन घायल हो गए।
हादसे की सूचना पर दो किलोमीटर दूर गांव से पत्नी शिवपती, चारों पुत्र और ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों ने शव उठाने से रोक दिया। इससे टांडा-रायबरेली हाईवे के दोनों ओर करीब पांच-पांच किलोमीटर लंबा जाम लग गया।
परिजन ने पीले रंग के ओवरलोड मौरंग लदे डंपर से हादसा होने की बात कही और भाग निकले चालक व डंपर को पकड़ने की मांग की। करीब ढाई घंटे बाद पुलिस ने ग्रामीणों को शांत कराकर शव कब्जे में लिया।
प्रभारी निरीक्षक आलोक पांडेय ने बताया कि घायलों को जिला अस्पताल भेजा गया है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर डंपर और चालक की तलाश की जा रही है।