खागा। कोतवाली क्षेत्र के सुजानीपुर गांव में कानपुर-प्रयागराज हाईवे पर किसान की खेती योग्य जमीन पर कब्जे की कोशिश की गई। आरोप है कि आसपास की जमीन खरीदने वाले एक प्रॉपर्टी डीलर ने किसान के खेत में जबरन ईंट-पत्थर का मलबा डलवा दिया है। पीड़ित ने पुलिस और एसडीएम से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है।
गांव निवासी जागेश्वर विश्वकर्मा की गाटा संख्या 155 में 14 बिस्वा भूमिधरी जमीन है। इसी गाटा संख्या पर कुछ अन्य हिस्सों की जमीन एक इंटर कॉलेज के पास रहने वाले प्रॉपर्टी डीलर ने खरीदी है। आरोप है कि आठ जून को डीलर ने खेत में चार ट्रॉली मलबा डलवा दिया। साथ ही खेती करने से रोक दिया। 112 पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाकर मामला शांत कराया लेकिन मलबा नहीं हटाया गया।
किसान ने पुलिस और प्रशासन को मौके पर साक्ष्य भी प्रस्तुत किए। उन्होंने बताया कि धान की बोआई की तैयारी के लिए खेत की जुताई करा ली थी लेकिन मलबे के कारण पूरी तैयारी बेकार हो गई। एसडीएम अभिनीत कुमार ने कहा कि बिना सक्षम आदेश के किसी को भी दूसरे की जमीन पर मलबा डालने का अधिकार नहीं है। हदबंदी और अभिलेखों की जांच कराई जा रही है। लेखपाल की रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।