फतेहपुर। असोथर थाना क्षेत्र में कुर्क की गई जमीन को फर्जी दस्तावेजों के जरिये बेचने के मामले में पुलिस ने आठ लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी की रिपोर्ट दर्ज की है। यह कार्रवाई आईजी प्रयागराज के निर्देश पर की गई है।
थाना क्षेत्र के बड़े तिवारी का डेरा, मजरे सरकंडी निवासी प्रमोद तिवारी ने बताया कि उसकी पैतृक जमीन, जो सह खाताधारक भाइयों के साथ दर्ज है, का विवाद न्यायालय में विचाराधीन है। एसडीएम के आदेश पर नौ जुलाई 2025 को गांव की भूमि गाटा संख्या 218 और 467 को कुर्क कर अन्य को स्वामित्व सौंपा गया था।
आरोप है कि राकेश कुमार तिवारी, अखिलेश तिवारी, मयंक तिवारी और गौरव उर्फ हिमांशु तिवारी ने मिलकर सोना सिंह, शिवांश प्रताप सिंह, राजेश सिंह और शत्रुघ्न सिंह के साथ तीन सितंबर को फर्जी दस्तावेजों के जरिये उक्त भूमि का बैनामा करा दिया।
शिकायत करने पर धमकी, गाली-गलौज और झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दी गई। मामले की जांच चौकी प्रभारी को सौंपी गई है। थानाध्यक्ष अभिलाष तिवारी ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।