फोटो-09-रात्रि चौपाल में समस्याएं सुनती राज्यमंत्री। संवाद
खखरेरू। धाता ब्लॉक क्षेत्र की ग्राम पंचायत तेंदुआ में बृहस्पतिवार शाम आयोजित ग्राम चौपाल में पशुधन एवं दुग्ध विकास राज्यमंत्री कृष्णा पासवान ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान उन्होंने समस्याओं के शीघ्र निस्तारण का आश्वासन दिया। साथ ही 15 दिन में भुइयन बाबा मंदिर के मेला प्रांगण की भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने की बात कही।
ग्राम पंचायत तेंदुआ में रात करीब 8:30 बजे आयोजित चौपाल में राज्यमंत्री ने केंद्र व प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत वर्ष 2020-21 से 2025-26 तक लाभ पाने वाले सभी लाभार्थियों की सूची ग्राम पंचायत में सार्वजनिक की जाए।
चौपाल में विश्व हिंदू परिषद के भगवानदास ने गांव स्थित प्राचीन भुइयन बाबा मंदिर के मेला प्रांगण की भूमि पर अतिक्रमण का मामला उठाया। राज्यमंत्री ने मौके पर मौजूद राजस्व अधिकारियों को 15 दिन के भीतर भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराकर मेला प्रांगण खाली कराने के निर्देश दिए। चौपाल में राशन कार्ड, वृद्धावस्था व दिव्यांग पेंशन, किसान सम्मान निधि समेत विभिन्न सरकारी योजनाओं से जुड़ी समस्याओं पर भी चर्चा हुई।
राज्यमंत्री ने पात्र वंचित लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। इस मौके पर भाजपा जिला उपाध्यक्ष धर्मेंद्र पटेल, खंड विकास अधिकारी, खाद्य एवं रसद, राजस्व तथा स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी और ग्रामीण मौजूद रहे।