फतेहपुर। बकेवर थाना क्षेत्र के दुबेपुर गांव निवासी प्रसूता की प्रसव के बाद रक्तस्राव से मौत के मामले में ड्यूटी पर तैनात एएनएम पर गंभीर आरोप लगाए गए हैं। शिकायत का संज्ञान लेते हुए प्रभारी सीएमओ ने जांच टीम गठित की है। वहीं पीएचसी प्रभारी ने एएनएम से स्पष्टीकरण मांगा है।
दुबेपुर गांव निवासी योगेंद्र पांडेय की पत्नी राधा देवी (25) को परिजन रविवार दोपहर करीब दो बजे देवमई उप स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे थे। रात करीब 10:30 बजे महिला ने पुत्र को जन्म दिया। इसके बाद अत्यधिक रक्तस्राव होने से उसकी हालत बिगड़ने लगी। पति का आरोप है कि मौके पर तैनात एएनएम अल्का सिंह समेत अन्य महिलाओं की देखरेख में प्रसव कराया गया। करीब दो घंटे तक रक्तस्राव होता रहा, इसके बाद प्रसूता को रेफर किया गया। परिजन के मुताबिक, एएनएम ने 108 नंबर पर एंबुलेंस बुलाने के बाद उसके नहीं आने की बात कही, जबकि बाद में एंबुलेंस परिसर में ही मौजूद मिली। जिला अस्पताल के लिए रेफर करने के बावजूद परिजनों को नजदीकी जहानाबाद स्थित नर्सिंग होम ले जाने की सलाह दी गई। परिजन राधा को बालाजी हॉस्पिटल ले गए, जहां करीब दो घंटे इलाज के बाद उसे जिला अस्पताल ले जाने के लिए कहा गया। इसी दौरान उसकी मौत हो गई। प्रभारी सीएमओ डॉ. पीके सिंह ने बताया कि मामले की जांच के लिए टीम गठित की गई है। पीएचसी प्रभारी मनीष शुक्ला ने एएनएम से स्पष्टीकरण मांगा है।