फतेहपुर। हाईस्कूल यूपी बोर्ड की परीक्षा रद्द होने की संभावनाएं प्रबल हो गई हैं। सचिव माध्यमिक शिक्षा परिषद ने कक्षा के परीक्षार्थियों के छमाही और प्री बोर्ड परीक्षा प्राप्तांक और पूर्णांक की सूची परिषद की वेबसाइट पर मांगी है।
मंगलवार को डीआईओएस कार्यालय में नंबर अपलोड करने के लिए पूरा स्टाफ लगा रहा। बोर्ड ने रात 12 बजे तक नंबर अपलोड न होने पर डीआईओएस के खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी दी है। इससे हाईस्कूल के 37 हजार परीक्षार्थी बिना परीक्षा के अगली कक्षा में पहुंच जाएंगे।
बढ़ते कोरोना संक्रमण के कारण बोर्ड की परीक्षा को लेकर अभी तक असमंजस बरकरार है। माध्यमिक शिक्षा परिषद ने पहली जून को शासन स्तर की बैठक में परीक्षा कराने या फिर न कराने का एलान कर सकता है।
विभागीय होमवर्क से लग रहा है कि हाईस्कूल की परीक्षा रद्द करके बच्चों को प्रोमोट किया जा सकता है, लेकिन कक्षा 12वीं की परीक्षा तो कराना ही होगा। उधर, शासन स्तर पर होने वाली बैठक से पहले माध्यमिक शिक्षा विभाग कक्षा 10वीं के बच्चों को बिना परीक्षा के प्रमोट करने की तैयारी शुरू कर दी है।
डीआईओएस महेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि माध्यमिक शिक्षा परिषद ने मंगलवार की मध्य रात्रि तक जिले के सभी 403 माध्यमिक स्कूलों के हाईस्कूल के परीक्षार्थियों के छमाही और प्रीबोर्ड परीक्षा के पूर्णांक और प्राप्तांकों की सूची वेबसाइट पर मांगी है। सूची स्कूलों से प्राप्त हो रही है। पूरे स्टाफ को सूची अपलोड करने में लगाया गया है।