फतेहपुर। ट्रांसफार्मर न बदले जाने से नगर पालिका ने विद्युत निगम पर नाराजगी जताई है। सोमवार को ईओ रविंद्र कुमार ने अधिशासी अभियंता विद्युत निगम को पत्र लिखकर आबूनगर अवर अभियंता की कार्यशैली पर सवाल उठाया है।
पत्र में कहा गया है कि शहर का नउवाबाग तिराहे पर हाईमास्ट लाइट जलाने के लिए नगर पालिका ने नियमानुसार एस्टीमेट जमाकर ट्रांसफार्मर लगवाया था। एक महीने पहले यह ट्रांसफार्मर खराब हो गया है।
इसे बदलने के लिए नगर पालिका ने कई बार अवर अभियंता से अनुरोध किया, लेकिन अभी तक ट्रांसफार्मर नहीं बदला गया है। सावन के सोमवार पर आधी रात से श्रद्धालुओं का आवागमन शुरू होता है। यहां पर अंधेरा रहने से श्रद्धालुओं की सुरक्षा का खतरा है। ऐसे में तत्काल ट्रांसफार्मर बदलने की जरूरत है।