फतेहपुर। इन्वेस्टर्स समिट में एमओयू करने वाले उद्यमियों ने शुक्रवार को प्रभारी मंत्री राकेश सचान से अपनी समस्याएं बताईं। कृषक उत्पादक संगठनों के निदेशकों ने बैंक से लोन प्रक्रिया आसान कराने की बात कही, ताकि बीज के लिए किसानों के खेतों में बोई गई फसलों को खरीदने में आसानी हो। लघु उद्योग लगाने के लिए भू-खंड आवंटित किए जाएं।
गांधी सभागार में प्रभारी मंत्री के साथ उद्यमियों की बैठक हुई। उत्कर्ष फार्मर प्रोड्यूसर कंपनी के सीईओ हरी कृष्ण अवस्थी ने कहा कि केला का प्लांट लगाने के लिए एमओयू किया है। प्लांट लगाने के लिए भू-खंड आवंटित किए जाएं। उन्होंने बताया कि उद्योग लगाने के लिए प्रदेश सरकार ने दो करोड़ तक उद्योग लगाने के लिए बिना गारंटी के लोन करने का आदेश किया है, लेकिन बैंक के अधिकारी मानक बता कर फाइल रिजेक्ट कर देते हैं।
निदेशक भुवन भाष्कर द्विवेदी ने कहा कि बीज विकास निगम से कृषक उत्पादक संगठन का अनुबंध हुआ है। बीज के लिए फसलें तैयार कराई जा रही हैं, उन किसानों से फसल खरीदना पड़ेगा। फिर बोरी में पैकिंग करनी होगी। इसके बाद बीज विकास निगम को दिया जाएगा। इसमें जो खर्च आएगा, उसके लिए लोन आसानी से दिलाया जाए। इस दौरान डीएम श्रुति, सीडीओ सूरज पटेल, उद्योग उपायुक्त अंजनीश प्रताप सिंह, उद्यमी यदुवंश प्रकाश सिंह, रवि सिंह, जयदेव सिंह, मनीष तिवारी मौजूद रहे।