फतेहपुर। खेत से मवेशी हांकने के विवाद में पड़ोसी परिवार ने घर में घुसकर दंपती को लाठी-डंडे से मारापीटा। मारपीट के दौरान महिला का मंगलसूत्र छीनने का आरोप लगाया गया है। पुलिस ने घायलों का मेडिकल कराने के बाद मुकदमा दर्ज करने से इन्कार कर दिया और पीड़ित को ही थाने में बंद करने की धमकी दे डाली। पीड़ित परिवार ने एसपी से मंगलवार को शिकायत की है।
राधानगर थाना क्षेत्र के रमवां निवासी बचोल मिश्रा ने एसपी को शिकायती पत्र में बताया कि वह शनिवार रात खेत की रखवाली कर रहे थे। तभी गांव का भगवानदीन पाल खेत में मवेशी हांकने का आरोप लगाकर झगड़ने लगा। कहासुनी के बाद वह खेत से घर चला आया। कुछ देर बाद भगवानदीन अपने पांच-छह साथियों संग दरवाजे पर आकर गालीगलौज करने लगा।
जब विरोध किया तो सभी घर में घुस आए और तमंचे और लाठी-डंडे से हमला कर सिर फोड़ दिया। बीच बचाव में पत्नी को पीटा और गले से मंगलसूत्र छीन लिया। फिर घर के बाहर घसीटकर मारपीट की और जान से मारने की धमकी देकर चले गए। उनके जाने के बाद यूपी 112 पर घटना की सूचना दी। पुलिस लहूलुहान हालत में उन्हें थाने लेकर पहुंची। पुलिस ने घायल बचोले का मेडिकल परीक्षण कराया। डाक्टर ने एक्सरे को लिखा। वह दूसरे दिन थाने पहुंचा। एफआईआर दर्ज कर एक्सरे कराने की बात कही। तभी पुलिस ने बदसलूकी की और हवालात में बंद करने की धमकी दी। प्रभारी निरीक्षक राजकिशोर ने बताया कि आरोप निराधार हैं। मेडिकल परीक्षण हो चुका है। मुकदमा भी दर्ज किया जाएगा।