किशनपुर। विद्युत उपकेंद्र के पहाड़पुर व भसरौल फीडर से जुड़े करीब 50 गांवों में सात मई को भोर तेज हवा के कारण फाल्ट हो गया, जिससे 40 घंटे से आपूर्ति बाधित है। इससे तीस हजार की आबादी दो दिनों से बिजली न आने के कारण विद्युत विभाग के प्रति आक्रोश है। उपभोक्ता उमस भरी गर्मी व पेयजल के लिए परेशान है।
कस्बे में बुधवार को तेज हवा के साथ बारिश के दौरान उपकेंद्र के पहाड़पुर, भसरौल फीडर के बिजली के तीन से चार पोल टूट गए थे। इससे पहाड़पुर, भसरौल फीडर में फाल्ट होने से करीब 50 गांवों की विद्युत आपूर्ति बाधित है, लेकिन विद्युत विभाग बिजली के टूटे पोल को 40 घंटे बीतने के बाद भी दुरुस्त नहीं कर सका है। विभागीय हीलाहवाली के कारण गांव के लोगों को उमसभरी गर्मी व शुद्ध पेयजल के भटकना पड़ रहा है। घरों में बड़े बुजुर्गों के अलावा बीमार मरीज परेशान हो रहे हैं। लोगों को मोबाइल चार्जिंग के लिए गांव से 10 किमी दूर दूसरे गांव में जाना पड़ रहा है। गांव के रामलाल, देवी प्रसाद व विनीता देवी ने बताया कि बिजली विभाग के सुस्त रवैये के कारण पेयजल के लिए चार से पांच किमी का सफर तय करना पड़ रहा है। इसके साथ बारिश के बाद उमसभरी गर्मी के कारण परेशान है। विद्युत विभाग के जेई नुसरत अली ने बताया आपूर्ति बहाल करने के लिए काम किया का रहा है। कमी ठीक कर जल्द आपूर्ति बहाल की जाएगी।