फतेहपुर। विद्युत कर्मचारियों की हड़ताल का असर गुरुवार को सुबह से ही दिखने लगा। शहर समेत कई कस्बों की बिजली प्रभावित हुई। दोपहर से शाम तक 6 फीडर बंद होने की सूचना मिली। इससे शहर के कई हिस्सों में घंटों बिजली गुल रही। वहीं, असोथर क्षेत्र के 200 से अधिक गांवों में 10-10 घंटे बिजली बाधित रही। हालांकि प्रशासन अन्य विभागों के बिजली कर्मी लगाकर बिजली व्यवस्था सुचारू करने में लगा है।
विद्युत कर्मचारियों का हाईडिल कॉलोनी में धरना-प्रदर्शन जारी है। कर्मचारियों ने बताया कि 16 मार्च रात 10 बजे से काम बंद हड़ताल करेंगे। ये 72 घंटों तक चलेगी। जिले भर से लगभग 12 सौ सरकारी और संविदा कर्मचारी हड़ताल पर रहेंगे। हड़ताल का असर गुरुवार सुबह से ही दिखने लगा।
राधा नगर, आबूनगर हरिहरगंज, मुराइनटोला, असोथर, सौंरा समेत कई पावर स्टेशनों की सुबह से ही बिजली बाधित रही। इससे शहर के वर्मा चौराहा और मुलाइनटोला, आबूनगर, हरिहरंगज में कई घंटे बिजली गुल रही। शाम 6 बजे आबू नगर की बिजली सप्लाई शुरू की जा सकी। हरिहरगंज और मुराइनटोला भी देर रात तक ठीक होने की संभावना है।
असोथर क्षेत्र के 200 से अधिक गांवों में 10-10 घंटे बिजली बाधित रही। रात 10 बजे के बाद विद्युत व्यवस्था और बिगड़ने की संभावना है। बिजली व्यवस्था चरमराई, तो हालात संभालना मुश्किल हो जाएगा। हालांकि जिला प्रशासन पूरी मुस्तैदी के साथ बिजली व्यवस्था सुचारू करने में लगा हुआ। एसडीएम की निगरानी में बिजली व्यवस्था को निर्बाध जारी रखने का काम किया जा रहा है। इसमें आईटीआई, पॉलिटेक्निक समेत बिजली व्यवस्था से जुड़े सभी विभागों के कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। डीएम श्रुति स्वयं बिजली व्यवस्था पर निगरानी बनाए हुए हैं।
पुलिस भी मुस्तैद
बिजली पावर स्टेशनों की सुरक्षा की जिम्मेदारी पुलिस को सौंपी गई है। ऐसी आशंका जताई जा रही है कि हड़ताल के दौरान बिजली कर्मी बिजली सप्लाई बाधित करने के लिए पावर स्टेशन तक पहुंच सकते हैं। इसे देखते हुए हर पावर स्टेशन में पुलिस बल तैनात किया गया है। एसडीएम एक्सईएन की भूमिका में हैं।
वर्जन
बिजली निर्बाध जारी रखने के लिए काम किए जा रहे हैं। सभी तहसीलदार, नायब तहसीलदार समेत अन्य बिजली कर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। हड़ताल में शामिल कोई भी विद्युतकर्मी लाइन या सब स्टेशन में छेड़छाड़ करने की कोशिश करेगा, तो उसके खिलाफ सख्त धाराओं में कार्रवाई की जाएगी। -अवधेश निगम, एसडीएम, सदर