फतेहपुर। बारिश न होने और उमस भरी भीषण गर्मी से लोग बेहाल हैं। कूलर, पंखा और एसी रात दिन चलने से उपकेंद्र ओवरलोड हो रहे हैं। ट्रांसफार्मर फुंक रहे हैं और तार जगह-जगह टूटकर गिर रहे हैं। कई जगहों पर बिजली आने पर लो-वोल्टेज की समस्या बनी हुई है।
भीषण गर्मी में बिजली की कटौती लोगों को और परेशान कर रही है। शहर के आबूनगर उपकेंद्र के फीडरों में लोड के कारण हर आधे घंटे में मशीनें ट्रिप हो रही हैं और बिजली सप्लाई बंद हो जा रही है। पटेल नगर की विद्युत आपूर्ति दोपहर में डेढ़ घंटे बंद रही और रात में दो घंटे बिजली गुल रही। वहीं, अस्ती फीडर से जुड़ी 11 केवीए लाइन में फाल्ट के कारण सुबह आठ बजे से 11 बजे तक बिजली बंद रही।
भीषण गर्मी में बिजली कटौती से लोगों की दिक्कतें बढ़ गई हैं। बिजली आपूर्ति ग्रामीण क्षेत्रों में और खराब है। फाल्ट होने पर कई घंटों और कभी एक-दो दिन तक आपूर्ति बाधित रहती है। लोगों का कहना है कि गर्मी में ही बिजली की अधिक जरूरत होती है, लेकिन ऐसे में बिजली नहीं मिल पा रही है। ग्रामीण क्षेत्र में बच्चे गर्मी से बचने के लिए तालाब व नहरों में नहा रहे हैं। अधिशासी अभियंता रामसनेही ने कहा कि बारिश न होने के कारण बिजली की खपत बढ़ गई है। इसी से लो-वोल्टेज की समस्या पैदा हो रही है। लाइन में फाल्ट होने पर तुरंत सही कराने के लिए एसडीओ व अवर अभियंताओं निर्देश दिए गए हैं।
कृषि विज्ञान केंद्र थरियांव के मौसम विशेषज्ञ सचिन कुमार शुक्ला ने बताया कि शनिवार से मौसम में बदलाव होगा। आसमान में बादल छाए रहेंगे और एक सप्ताह तक अच्छी बारिश होने की संभावना है। मौसम में बदलाव होने से गर्मी से राहत मिलेगी और फसलों को भी फायदा होगा।
...........................
विधायक ने एक्सईएन को कटौती रोकने के निर्देश दिए
खागा। विधायक कृष्णा पासवान ने शुक्रवार को बिजली कटौती से जुड़ी समस्याओं को लेकर एक्सईएन खागा को डाक बंगले पर बुलाया। यहां पर खागा चेयरमैन गीता सिंह व प्रतिनिधि रामगोपाल सिंह भी पहुंचे। विधायक ने खागा में हो रही अघोषित कटौती को रोकने के लिए जर्जर तारों को तुरंत बदलवाने व उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। संवाद