बहुआ। गर्मी शुरू होते ही बिजली उपकेंद्र बहुआ की जर्जर मशीनें दगा देने लगी हैं। अघोषित बिजली कटौती के साथ लो-वोल्टेज के कारण नलकूपों का संचालन नहीं हो पा रहा है। ऐसे में लहलहाती फसलें सूखने लगी हैं।
असोथर ब्लाक के उरौली, दसौली, अढ़ावल गांव के किसान लो-वोल्टेज और अघोषित बिजली कटौती से परेशान हैं। समस्या के निराकरण के लिए यहां के ग्रामीण दो बार बहुआ बिजली उपकेंद्र में धरना प्रदर्शन कर चुके हैं।
उरौली ग्रामीणों ने बताया कि गांव में बहुआ उपकेंद्र से बिजली की सप्लाई सही से नहीं मिल रही है। उपकेंद्र से बिजली कटौती की जाती है। जो बिजली मिलती भी है, उसमें लो-वोल्टेज की समस्या बनी रहती है। ऐसे में नलकूप नहीं चल पा रहे हैं।
बताया कि कई बार जेई और एसडीओ समस्या दूर करने की मांग की गई, लेकिन समस्या जस की तस बनी हुई है। नलकूप न चल पाने से गेहूं व अन्य फसलें सूखने के कगार पर पहुंच गई हैं। किसान चुन्नू सिंह, जीतू सिंह, धीरेंद्र कुमार, हरसिंह, रोशन विश्वकर्मा, जागेश्वर सिंह ने बिजली विभाग के जिम्मेदार अधिकारियों पर समस्या का समाधान न करने का आरोप लगाया है।
लो-वोल्टेज की समस्या ट्रांसमिशन से थी। दरवेशाबाद 132 केेवीए ट्रांसमिशन से वोल्टेज बढ़ाया गया है। अब उपभोक्तों को सही वोल्टेज मिलेगा। ट्यूबवेल चलाने में वोल्टेज की समस्या नहीं होगी।
-- नीलेश मिश्रा, अवर अभियंता, बहुआ उपकेंद्र।