फतेहपुर। राधा नगर ट्रांसमिशन के ब्रेकर में फाल्ट होने के कारण शहरी क्षेत्र के तीन व ग्रामीण क्षेत्र के एक उपकेंद्र की 10 घंटे बिजली बंद रही। इस कारण गर्मी से करीब 60 हजार की आबादी प्रभावित रही।
सुबह से शाम तक पानी की सप्लाई भी नहीं हो सकी। त्योहार के बीच पानी के लिए लोगों को हैंडपंप व सबमर्सिबल चलाने के लिए जनरेटर का सहारा लेना पड़ा। शाम को विद्युत आपूर्ति बहाल हुई तो लोगों को राहत मिली।
सुबह करीब आठ बजे ट्रांसमिशन के ब्रेकर में अचानक फाल्ट हो गया। इससे शहर के बेरुईहार, सथरियांव और राधा नगर व राधा नगर ग्रामीण उपकेंद्र की बिजली बंद हो गई। इन उपकेंद्रों से जुड़े मसवानी, चौक, कटरा अब्दुलगनी, पीरनपुर, देवीगंज, जयराम नगर, अशोक नगर, खुशवक्तराय नगर मोहल्ले में बिजली न आने के कारण पानी की सप्लाई भी बंद हो गई।
ईद का पर्व होने के कारण लोगों के सामने सुबह से ही पानी का संकट खड़ा हो गया। किसी ने हैंडपाइप पर लाइन लगाई तो किसी ने जेनरेटर मंगाकर सबमर्सिबल जलवाया। घरों में लगे इनवर्टर भी दोपहर तक में बोल गए। इसके बाद गर्मी से लोग बेहाल दिखे और हाथ से पंखा हिलाकर गर्मी से राहत पाने की कोशिश में लगे रहे। शाम को छह बजे ट्रांसमिशन का ब्रेकर सही हुआ, तब आपूर्ति बहाल हुई। पानी की सप्लाई भी चालू हुई।
शहर में पांच दिन से जारी है बिजली संकट
शहर में पांच दिनों से बिजली संकट बना हुआ है। सोमवार से गुरुवार तक आबूनगर, मुराइनटोला, हरिहरगंज उपकेंद्र की बिजली व्यवस्था ध्वस्त रही। शुक्रवार को बेरुईहार, सथरियांव, राधानगर शहरी, राधानगर ग्रामीण उपकेंद्र से बिजली आपूर्ति दिनभर ठप रही।
सोमवार को 33 केवीए लाइन के केबिल बक्सा में रेलवे क्रासिंग के पास फाल्ट हो गया। इससे आबूनगर, मुराइनटोला, हरिहरगंज की बिजली आपूर्ति बंद हो गई। इन उपकेंद्रों के उपभोक्ताओं को बेरुईहार उपकेंद्र से बिजली जोड़ कर बीच-बीच कटौती करके दी जा रही थी।
शुक्रवार को सुबह आठ बजे राधानगर ट्रांसमिशन में लगे ब्रेकर में फाल्ट हो गया। इससे बेरुईहार, सथरियांव, राधानगर शहरी व ग्रामीण उपकेंद्र की आपूर्ति बंद हो गई। शाम को छह बजे ब्रेकर सही हुआ, तब बिजली सप्लाई चालू हुई।