फतेहपुर। जिले में 1.80 लाख उपभोक्ता कनेक्शन लेने के बाद बिजली बिल देना भूल गए। इन्होंने आज तक एक रुपया भी बिल जमा नहीं किया। लाइन लॉस ने शासन की नींद उड़ा दी है। जिले के कुल 217 फीडरों में 30 पर लाइन लॉस 70 से 81 फीसदी पहुंच गया है। इन स्थितियों से निपटने के लिए शासन ने सांसद और विधायकों को 10-10 फीडर गोद देने का निर्णय लिया है। बिजली विभाग के अफसरों और विजलेंस इंस्पेक्टर भी 30-30 फीडर गोद लेंगे। जिन फीडरों में लाइन लॉस 15 फीसदी से कम है वहां बिजली विभाग 24 घंटे आपूर्ति देगा। विभाग ने इस दिशा में काम शुरू कर दिया है। उर्जा मंत्री ने निर्देश जारी किए हैं।
लाइन लॉस के मामले में जिले की स्थिति बेहद खराब है। जिले में औसतन लाइन लॉस 38 फीसदी के करीब है। कुल 217 फीडरों की बात करें तो इनमें 30 फीडर ऐसे हैं जहां लाइन लॉस 70 से 81 फीसदी के करीब है। फैक्ट्री एरिया को छोड़कर एक भी फीडर ऐसा नहीं है जो फायदे में चल रहा हो। लाइन लॉस की समस्या जिले के अफसरों के लिए सिरदर्द बनी हुई है। रोस्टर के हिसाब से बिजली देने में लाइन लॉस की समस्या सबसे बड़ी बाधक है। इस समस्या को दूर कराने के लिए बिजली विभाग ने अब फीडरों को गोद देने की तैयारी की है।
विभाग के एई से लेकर जेई और एसडीओ तक 30-30 फीडर गोद लेंगे। इनके अलावा सांसद और विधायक को भी 10-10 फीडर गोद लेने के लिए कहा गया है। माननीयों के गोद लिए फीडरों पर लॉस 15 फीसदी से कम होते ही 24 घंटे आपूर्ति दी जाएगी। यानि कम आपूर्ति वाले फीडरों को यदि ज्यादा बिजली चाहिए तो उन्हें लाइन लॉस कम करने की शर्त को पूरा करना होगा। बिजली विभाग ने जिले के सभी 217 फीडरों में 30 फीडर प्राथमिकता पर चयनित किए हैं। यहां लाइन लॉस 70 से 81 फीसदी तक है। यानि इन फीडरों की स्थिति को सबसे पहले सुधारा जाएगा।