चौडगरा। कल्यानपुर थाना क्षेत्र के सौंह गांव में एक पारिवारिक समारोह के दौरान छोटे भाई ने बड़े भाई और बहनोई की पिटाई कर दी। छोटा भाई अपनी बेटी के प्रेम विवाह करने पर बहनोई से नाराज था।
सौंह निवासी रमेश ने थाने में तहरीर देकर बताया कि उसके छोटे भाई महेश की पुत्री ने अपनी मर्जी से बहनोई जयवीर सिंह के भांजे जितेंद्र पुत्र प्रमोद निवासी खुर्द जरौली थाना टूंडला संग प्रेम विवाह कर लिया था। महेश इस शादी के खिलाफ था और तभी से परिजन से क्षुब्ध था। सोमवार रात गांव के पारिवारिक समारोह में शामिल होने के लिए बहनोई जयवीर सिंह आए थे।
जयवीर को देखते ही महेश उलझ गया और दोनों में तीखी बहस शुरू हो गई। देखते ही देखते महेश ने लाठी से बहनोई जयवीर पर हमला कर दिया। बड़े भाई रमेश ने बीच-बचाव की कोशिश की, तो आरोपी महेश ने उन्हें भी नहीं बख्शा और उनकी भी बेरहमी से पिटाई कर दी। थाना प्रभारी सुमित देव पांडेय ने बताया कि तहरीर मिली है, कार्रवाई की जा रही है।