फोटो-41-वाहनों पर कार्रवाई करते एआरटीओ प्रतीक मिश्रा। स्रोत: विभाग
फतेहपुर। स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर यातायात पुलिस व एआरटीओ की ओर से बृहस्पतिवार को संयुक्त चेकिंग अभियान चलाया गया। औंग थाना और खागा कोतवाली क्षेत्र में बिना फिटनेस और बिना परमिट चल रही आठ स्कूल बसों और वैन को सीज किया गया। साथ ही 15 अन्य स्कूली वाहनों का चालान किया गया।
सीओ अवनीश कुमार ने बताया कि कई स्कूल वाहन बिना जरूरी कागजात के चल रहे हैं। इसके चलते औंग थाना और खागा थाना पुलिस के साथ संयुक्त अभियान चलाया गया। चेकिंग के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों पर कार्रवाई की गई। स्कूल वाहनों की फिटनेस, परमिट, बीमा और अन्य जरूरी दस्तावेज पूरे नहीं हैं, उनके खिलाफ अभियान जारी है। बच्चों की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा।
कार्रवाई के साथ सीओ, एआरटीओ प्रतीक मिश्रा ने सेंट जेवियर्स स्कूल और सरस्वती विद्या मंदिर के स्कूल वाहनों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान बसों में फर्स्ट एड बॉक्स, अग्निशमन यंत्र, आपातकालीन द्वार और सीट बेल्ट की भी जांच की गई। चालकों के लाइसेंस और ड्राइविंग से संबंधित दस्तावेज खंगाले गए। इस मौके पर विद्यार्थियों और वाहन चालकों को यातायात नियमों के बारे में जानकारी दी गई। उन्हें ओवरलोडिंग न करने, तय गति सीमा में वाहन चलाने, सीट बेल्ट लगाने और चौराहों पर ट्रैफिक नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित किया गया।