फतेहपुर। जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) बुधवार से नवनियुक्त शिक्षकों को दो दिवसीय प्रशिक्षण देने जा रहा है। दो पालियों में होने वाले प्रशिक्षण में 25-25 के समूह में शिक्षक शामिल होंगे। प्रशिक्षण का उद्देश्य प्राथमिक शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार करना है।
डायट प्राचार्य नजरुद्दीन अंसारी ने बताया कि नवनियुक्त 471 शिक्षकों को नई तकनीकि से पठन पाठन का तरीका समझाने के लिए इस प्रशिक्षण की व्यवस्था की गई है। प्रशिक्षण 28 दिसंबर तक चलेगा।
डायट प्राचार्य ने बताया कि परिषदीय स्कूलों के निरीक्षण में प्राय: देखा जा रहा है कि कक्षा पांच के बच्चे हिंदी भाषा और 100 तक की गिनती तक नहीं पढ़ पाते हैं। कक्षा आठ तक फेल न करने की व्यवस्था होने के कारण इन बच्चों को अगली कक्षा में प्रोन्नति करना स्कूलों की मजबूरी है।
इसके पीछे कारण है कि शिक्षकों के पढ़ाने के तौर तरीके बच्चों की समझ से परे हैं। यही कारण है कि शिक्षक जो भी पढ़ाते हैं, वह उनके समझ में नहीं आता है। ऐसे में डायट ने इसके लिए जिले नवनियुक्त 471 सहायक अध्यापकों को प्रशिक्षित करने का निर्णय लिया गया है।
दो दिनी प्रशिक्षण 25-25 के समूह में दो पालियों में कराया जाएगा। बताया कि बुधवार से डायट में सुबह 9.30 बजे से प्रशिक्षण का शुभारंभ होगा। इन शिक्षकों को पठन पाठन के नए तरीके बताए जाएंगे, जिससे वह बच्चों को प्रेरणा एप, मिशन कायाकल्प के माध्य से पढ़ाकर आधारभूत सांचा मजबूत कर सकें।