फतेहपुर। जनपद की मेधा को जनपद स्तरीय मंच पर सम्मानित किए जाने की तैयारी है। हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की बोर्ड परीक्षाओं में अव्वल आने वाले छात्र-छात्राओं को जिला प्रशासन और जनपद के माननीयों की ओर से सम्मानित किया जाएगा।
ग्यारह अक्तूबर को विकास भवन सभागार में कार्यक्रम का आयोजन है। इस कार्यक्रम के जरिए यूपी बोर्ड, सीबीएसई बोर्ड और आईसीएसई बोर्ड के हाईस्कूल और इंटरमीडिएट के टॉपटेन छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया जाएगा। इसके लिए तीनों बोर्ड के हाईस्कूल और इंटरमीडिएट के 60 टॉपरों की सूची बनाई गई है। जिलाधिकारी
संजीव सिंह ने बताया कि इस कार्यक्रम का आयोजन कन्या सुमंगला योजना के बैनर तले किया जाएगा। जिसमें टॉप टेन छात्र-छात्राओं को पांच-पांच हजार रुपये की चेक भी बतौर प्रोत्साहन दी जाएगी। डीएम ने बताया कि इस आयोजन के लिए केंद्रीय राज्यमंत्री साध्वी निरंजन ज्योति, खाद्य रसद एवं नागरिक आपूूर्ति राज्यमंत्री रणवेंद्र प्रताप
सिंह, कारागार राज्यमंत्री जयकुमार जैकी और बिंदकी विधायक करण सिंह पटेल, खागा विधायक कृष्णा पासवान, सदर विधायक विक्रम सिंह और अयाहशाह विधायक विकास गुप्ता को आमंत्रित किया गया है। डीएम ने बताया कि इस कार्यक्रम में कन्या सुमंगला योजना के तहत चयनित छात्राओं को भी योजना से लाभान्वित कराया जाएगा।