प्रेमनगर। सुल्तानपुर घोष थाना क्षेत्र के डोली का पुरवा में सोमवार शाम बाज ने पीपल के पेड़ पर लगे मधुमक्खी के छत्ते पर चोंच मार दी। इससे मधुमक्खियों का झुंड छत्ता छोड़कर खेत में उड़ गया और मवेशी चर रहे 55 वर्षीय जगमोहन सहित उनकी बकरियों और भैंस पर हमला कर दिया।
मधुमक्खियों के हमले के घायल ग्रामीण को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना स्थल पर मौजूद लोगों ने चादर ओढ़ने और गोबर के उपले जलाकर धुआं करने से मधुमक्खियों को भगाया।
स्थानीय ग्रामीण ने बताया कि डोली का पुरवा में एक पुराना पीपल का पेड़ है। इसकी शाखाओं पर कई मधुमक्खी के छत्ते लगे हैं। बाज के कई बार छत्ते पर चोंच मारने से मधुमक्खियां छत्ता छोड़कर खेत में उड़ गईं और चरवाहे के पूरे शरीर में लिपट गईं। बकरियों और भैंस को भी काटने से चोटें आईं हैं।