फतेहपुर। ट्रक की नंबर प्लेट को एक डंपर फर्जी तरीके से लगाकर चल रहा था। डंपर का एक लाख 80 हजार का चालान होने पर वसूली का नोटिस ट्रक मालिक के पास आ गया। इससे ट्रक मालिक के होश उड़ गए। उसने मामले में धोखाधड़ी की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
बिंदकी कोतवाली क्षेत्र के दक्षिणी बाजार निवासी अजय कुमार 10 चक्का ट्रक के मालिक हैं। उन्होंने बताया कि ट्रक सीमेंट में सतना से बिंदकी, फतेहपुर, कानपुर मार्ग पर आवागमन करता है। महोबा डीएम कार्यालय से जनवरी माह में ट्रक नंबर पर एक लाख 80 हजार रुपये चालान होने की नोटिस आई। नोटिस देखकर उनके होश उड़ गए। नोटिस में चालान डंपर का होना बताया गया, जिससे समझ आया कि डंपर में कोई फर्जी तरीके से उनके ट्रक की नंबर प्लेट लगाकर चल रहा है। उसका खनिज विभाग से ऑनलाइन चालान मई व जून माह में हुआ है। अजय कुमार ने फर्जीवाड़ा करने वाले डंपर मालिक व चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। कोतवाल सुनील कुमार सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।